अम्बाला, 23 सितम्बर –
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में आगामी रबी की फसलों के बारे में नवीनतम जानकारी देने के लिए एक व दो अक्टूबर को कृषि मेले का आयोजन किया जाएगा। कृषि मेले का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। इस मेले का विषय सतत कपास उत्पादन, फसल विविधीकरण एवं जल संसाधन सुरक्षा रखा गया है। इसको लेकर कृषि विज्ञान केंद्र अंबाला शहर द्वारा जिला कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सहयोग से इस सप्ताह एक किसान जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अंबाला जिले के भी अधिक से अधिक किसान इस मेले में शामिल होकर खेती बाड़ी से संबंधित नवीनतम जानकारियों का फायदा उठा सके। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रौफेसर बलदेव राज कंबोज ने बताया कि इस मेले में किसानों को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा फसल विविधिकरण एवं जल संसाधन सुरक्षा के लिए  सतत कपास उत्पादन से संबंधित हर प्रकार की जानकारी दी जाएगी।
मेले में बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनें व यंत्र बनाने वाली विभिन्न कंपनियां भाग लेंगी। इन मशीनों की कार्य प्रणाली के साथ-साथ मशीनों की कीमत व उन पर सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी तथा उनके निर्माताओं की भी जानकारी प्रदान की जाएगी । उन्होंने बताया कि मेले में किसानों को विश्वविद्यालय की ओर से सिफारिश की गई  रबी फसलों के उन्नत बीज तथा जैविक खाद के अतिरिक्त कृषि साहित्य भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ नरेश कौशिक ने बताया कि मेला-स्थल पर विभिन्न सरकारी बीज एजेंसियों के सहयोग से बिक्री काउंटर स्थापित किए जाएंगे। मेले में शामिल किसानों को विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अनुसंधान फार्मो पर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई फसलों के अवलोकन के साथ-साथ उनमें अपनायी गई विभिन्न नवीनतम तकनीकों की भी जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसानों की कृषि, पशुपालन व गृह विज्ञान से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रश्नोत्तरी सभाएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ-साथ दोनों दिन मेले में फसल प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। अच्छी फसल उगाने वाले किसानों को इनाम के  साथ सम्मानित भी किया जाएगा।
वरिष्ठ समन्वयक कृषि विज्ञान केन्द्र श्रीमती सुनीता आहूजा ने बताया कि मेला स्थल पर मिट्टी, सिंचाई जल और रोगी पौधों की वैज्ञानिक जाँच कराने की सुविधा प्रदान की जाएगी।कृषि आधारित औद्योगिक प्रदर्शनी इस मेले का मुख्य आकर्षण होगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *