नगर निगम सफाई व्यवस्था को दिन प्रतिदिन बना रहा बेहतर, शहरवासियों से कचरा न फैलाने की अपील।
करनाल 3 सितंबर, नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को दिन प्रतिदिन बेहतर बना रहा है। इसे लेकर शहर में लगातार विशेष सफाई अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में गुरूवार को निगम की सेनीटेशन टीमों द्वारा जोन नम्बर 3 के विभिन्न स्थानों तथा कचरा संवेदनशील बिन्दुओं से करीब 275 मीट्रिक टन कचरा उठाकर ठोस अपशिष्टï प्रबंधन संयंत्र में भेजा गया है। नगर निगम की टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई हैं, ताकि सडक़ों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ रखा जा सके।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि सफाई व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा रहा है। लगभग 20 कचरा संवेदनशील बिन्दओं को साफ किया गया है। शहर में डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण का कार्य भी नियमित रूप से जारी है। इसके साथ-साथ जहां भी कचरा जमा होने की सूचना मिल रही है, वहां कचरा उठाकर सफाई करवाई जा रही है।
इन स्थानों पर चलाया गया सफाई अभियान।
उन्होंने बताया कि सफाई अभियान के तहत जोन संख्या 3 के प्रेम नगर, न्यू प्रेम नगर, राम नगर, एकता कॉलोनी, गांधी नगर, कृष्णा नगर, शिव कॉलोनी तथा मान कॉलोनी जैसे विभिन्न स्थानों से 20 से अधिक ट्रालियों द्वारा करीब 275 मीट्रिक टन कचरे का उठान किया गया है। नगर निगम द्वारा इन स्थानों पर सफाई करवाकर कचरा संवेदनशील बिन्दुओं को लगातार खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि इन स्थानों पर बार-बार कचरा जमा न हो और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी बनाया जा सके।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण जारी, नागरिक करें सहयोग।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण कार्य जारी है। लेकिन प्राय: देखने में आ रहा है कि नागरिक कचरे को सडक़ किनारे, खाली प्लॉटों, बाजारों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर फैंक रहे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था बाधित हो रही है। नागरिक ऐसा करने से बचें और कूड़े को कचरा एकत्रित वाहन में ही डालें। शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, इसे उन्हें निभाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से व्यापारिक संगठनों व मार्केट एसोसिएशन से भी अपील की कि वे अपने दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों को स्वच्छता को लेकर जागरूक करें तथा बाजारों में कचरा इधर-उधर न फैले।
सफाई कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम प्रशासन शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों एवं संसाधनों के कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार जारी रहेगा सफाई अभियान।
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम प्रशासन शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य एवं सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। सफाई अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग करते हुए कचरा उठाने एवं संवेदनशील स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम करनाल स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और वर्तमान परिस्थितियों में भी नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कचरा उठान का कार्य अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह व संदीप कुमार तथा सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार व गुलाब सिंह की देखरेख में किया गया।
