बर्लिन और लंदन मैराथन के बाद सिडनी में भी शानदार प्रदर्शन, करनाल टीम ने दी बधाई
करनाल, 30 अगस्त (): अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित मैराथन प्रतियोगिताओं में करनाल का नाम रोशन करते हुए डॉ. बलबीर सिंह विर्क ने टीसीएस सिडनी मैराथन में शानदार प्रदर्शन किया। डॉ. बलबीर सिंह विर्क ने रविवार को सिडनी में आयोजित मैराथन में हिस्सा लेते हुए 42 किलोमीटर की पूरी दूरी 4 घंटे 28 मिनट में तय की। उनकी इस उपलब्धि पर करनाल टीम ने उन्हें बधाई ओर शुभकामनाएं दी है। टीसीएस सिडनी मैराथन विश्व की प्रमुख और प्रतिष्ठित मैराथन प्रतियोगिताओं में शामिल है। दुनिया के विभिन्न देशों से धावक इस अंतरराष्ट्रीय मैराथन में हिस्सा लेते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित आयोजन में 42 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी को सफलतापूर्वक पूरा करना डॉ. बलबीर सिंह विर्क की मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन, फिटनेस और मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है। डॉ. बलबीर सिंह विर्क इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित मैराथन प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित बर्लिन मैराथन तथा लंदन मैराथन में भी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और दौड़ के प्रति जुनून का परिचय दिया है। अब सिडनी मैराथन में भाग लेकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
बॉक्स
उम्र की परवाह किए बिना फिटनेस और दौड़ के प्रति उनका समर्पण युवाओं सहित हर वर्ग के लिए प्रेरणादायक : करनाल टीम की ओर से डॉ. बलबीर सिंह विर्क को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए टीम के सदस्य प्रवेश गाबा ने कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की है, बल्कि करनाल का गौरव भी बढ़ाया है। प्रवेश गाबा ने कहा कि उम्र की परवाह किए बिना फिटनेस और दौड़ के प्रति उनका समर्पण युवाओं सहित हर वर्ग के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मैराथन जैसी लंबी दूरी की दौड़ में हिस्सा लेना अपने आप में बड़ी चुनौती है। इसके लिए निरंतर अभ्यास, मानसिक मजबूती और शारीरिक फिटनेस की आवश्यकता होती है। डॉ. बलबीर सिंह विर्क ने इन सभी चुनौतियों का सामना करते हुए 42 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और नियमित मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। करनाल टीम ने डॉ. बलबीर सिंह विर्क के इस शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और करनाल का नाम रोशन करने की कामना की।
