ओपीएस विद्या मंदिर में सर्व कल्याण मंच के अभियान में महापौर ने की सक्रिय सहभागिता
बोलीं महापौर—रिश्तों की डोर के साथ प्रकृति से भी जोड़ें नाता, पेड़ बचेंगे तो भविष्य सुरक्षित रहेगा
करनाल। रक्षाबंधन के पावन पर्व को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए सेक्टर-13 स्थित ओपीएस विद्या मंदिर में सर्व कल्याण मंच की ओर से चलाए जा रहे “एक राखी पेड़ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सक्रिय सहभागिता करते हुए एक पेड़ को राखी बांधी। साथ ही समस्त शहरवासियों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
मंच के अध्यक्ष नवीन कौशिक सहित अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि “एक राखी पेड़ के नाम” केवल राखी बांधने की रस्म नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति प्रेम, संरक्षण और जिम्मेदारी का पवित्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राखी भाई-बहन के रिश्ते में सुरक्षा, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है, उसी प्रकार पेड़ों की रक्षा करना भी हमारी धरती और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है।
महापौर ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम अपने आसपास के पेड़ों को बचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लें, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, स्वस्थ वातावरण और बेहतर जीवन दिया जा सकता है।
उन्होंने शहरवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि इस रक्षाबंधन एक राखी अपने भाई-बहन के लिए और एक राखी अपने पेड़ के नाम अवश्य बांधें। किसी पेड़ को अपना साथी मानकर उसकी रक्षा का संकल्प लें और प्रकृति के प्रति अपने दायित्व को निभाएं।
महापौर ने कहा कि पेड़ बचेंगे तो पर्यावरण बचेगा और पर्यावरण बचेगा तो हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने लोगों को “एक पेड़ लगाएं, उसकी रक्षा करें और हरियाली का संकल्प निभाएं” का संदेश देते हुए कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्वों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर हम पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को जन-जन तक पहुंचा सकते हैं।
प्रकृति संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी “एक राखी पेड़ के नाम” अभियान से जुड़ने तथा प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। अभियान ने रक्षाबंधन के पारंपरिक पर्व को प्रकृति के साथ रिश्ते की नई और सार्थक भावना से जोड़ने का संदेश दिया।
