28 हजार से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण. डीसी अभिषेक मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मैराथन की तैयारियों की दी जानकारी, अधिक से अधिक युवाओं से भाग लेने का आह्वान किया.
रेवाड़ी जिले में 6 सितंबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन-2026 में जिले सहित प्रदेशभर के युवा नशे के खिलाफ एकजुट होकर दौड़ेंगे। मैराथन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी मैराथन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैराथन से संबंधित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 28 हजार से अधिक प्रतिभागी मैराथन के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। उन्होंने जिलावासियों, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाकर मैराथन में भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, जिला युवा अधिकारी मेरा भारत सुमित यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी ने कहा कि रेवाड़ी मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। मैराथन के जरिए युवाओं को नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने तथा नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। डीसी ने कहा कि रेवाड़ी मैराथन को जन-आंदोलन का रूप देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं मैराथन में भाग लेने के साथ-साथ अपने परिवार और मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए यह मैराथन एक प्रभावी संदेश देगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट जारी किए जाएंगे। इसके अलावा 10 किलोमीटर दौड़ के महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। डीसी ने बताया कि राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रतिभागियों के लिए फर्स्ट एड, पेयजल, मेडिकल सुविधा और रिफ्रेशमेंट सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मैराथन मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से भी व्यापक प्रबंध किए जाएंगे, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
डीसी अभिषेक मीणा ने नागरिकों से अपील की है कि वे रेवाड़ी मैराथन में भाग लेने के लिए अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि मैराथन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए https://www. runagainstdrugsrwr.in/#/en/ registration पर क्लिक करके पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त क्यूआर कोड स्कैन करके भी मैराथन के लिए आसानी से पंजीकरण किया जा सकता है। पंजीकरण के दौरान प्रतिभागी को अपना नाम, माता या पिता का नाम, आयु, राज्य, जिला और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। पंजीकरण पोर्टल पर कंपनी के नाम का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। विभिन्न कंपनियों में कार्यरत कर्मचारी अपनी संबंधित कंपनी का नाम चुनकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
