निसिंग/ करनाल, 14 अगस्त। माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत करनाल जिले के निसिंग ब्लॉक स्थित स्वामी अमर देव स्कूल, गोंदर में NCC कैडेट्स एवं विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान विद्यालयों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन माई भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक मित्रदेव द्वारा निसिंग ब्लॉक में किया गया। अभियान के दौरान NCC कैडेट्स, विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई करते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विद्यालय एवं समुदाय आधारित श्रमदान तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता गतिविधियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य कृष्ण पाल, प्रबंधक कपिल ग्रोवर, ANO सुखविंदर राणा, मित्रदेव, सूरजपाल, अमरजीत सहित विद्यालय के सभी अध्यापक एवं छात्र उपस्थित रहे और स्वच्छता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता एवं स्वच्छ व्यवहार को परिवार और समाज तक पहुंचाया जा सकता है।
माई भारत द्वारा विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता, स्वच्छता गतिविधियां, श्रमदान तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
माई भारत करनाल द्वारा युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वच्छता अभियान से जुड़कर अपने विद्यालय, गांव और समुदाय को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा स्वच्छ भारत के संकल्प को जन भागीदारी के माध्यम से मजबूत बनाएं।
