कुरुक्षेत्र : सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के संकल्प के साथ आयोजित किए गए ओबीसी कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पिछड़े वर्गों से जुड़े साथियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। धर्म नगरी कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर के दक्षिणी तट पर स्थित पंजाबी धर्मशाला में आयोजित किए गए जिला स्तरीय ओबीसी कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन व विधायक चंद्रप्रकाश मुख्यातिथि रहे। इस सम्मेलन में जिला कांग्रेस कमेटी कुरुक्षेत्र के प्रधान व पूर्व विधायक मेवा सिंह ने अध्यक्षता की।
इस अवसर पर विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक रामकरण काला, विधायक मनदीप चट्ठा, जिला उप प्रधान साहब सिंह, जिला महासचिव ओमपाल कश्यप, ब्लॉक प्रधान जयपाल पांचाल, ओबीसी विभाग के जिला प्रधान सुरेंद्र सैनी व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुभाष जांगड़ा विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके साथ ही समाजसेवी ओमी लाल, दर्शन लाल प्रजापति, रोशन लाल धीमान, राजेंद्र सैन, रविंद्र कटारिया, इंद्र सिंह जाजनवाला, ताराचंद जांगड़ा, पंकज पाल व अमरजीत धीमान सहित काफी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन चंद्रप्रकाश ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की धरा पर अधिकारों के लिए महाभारत की लड़ाई हुई, अब हक के लिए ओबीसी को लड़ना होगा। इसके साथ ही ओबीसी समाज को अपने हक के लिए संगठित होकर आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार पर भरोसा करके पिछड़ा वर्ग ने धोखा खाया है। बड़े-बड़े वादे करके भाजपा ने वोट तो बटोर लिए लेकिन अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग के हितों के लिए कोई कल्याणकारी योजना नहीं बनाई। आरक्षण बढ़ाने के लिए अनगिनत बार मांग की जा चुकी है लेकिन इस संदर्भ में आज तक सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया है। एचकेआरएन में नियमानुसार जो आरक्षण मिलना चाहिए वह भी अब तक नहीं दिया गया है।
विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की संवाहक रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और न्याययोद्धा राहुल गांधी ने भी संडक़ से संसद तक अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग की आवाज को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने समान अवसर, पिछड़ा वर्गों की भागीदारी और जातीय जनगणना के मुद्दे को राष्ट्र स्तर पर उठाकर लोगों को जागरूक करने का काम किया है।
बॉक्स : सम्मेलन में दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय ओबीसी कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा। आयोजन स्थल पंजाबी धर्मशाला में कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन चंद्रप्रकाश के पहुंचते ही पूरा सभागार कांग्रेस जिंदाबाद व राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने विधायक चंद्रप्रकाश को फूल मालाएं, पगड़ी व शॉल पहनाकर जोरदार अभिनंदन किया। चंद्रप्रकाश को स्मृति चिह्न देकर कार्यकर्ताओं ने सम्मानित भी किया।
बॉक्स : युवाओं की शिक्षा व रोजगार के लिए प्रभावी नीतियां बनाए सरकार
कुरुक्षेत्र : विधायक चंद्रप्रकाश ने ओबीसी कार्यकर्ता सम्मेलन में अपना ध्यान युवा वर्ग पर केंद्रित करते हुए युवाओं की शिक्षा व रोजगार के लिए सरकार से प्रभावी नीतियां बनाने की मांग की। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने वाले युवाओं और पंचकूला में एचपीएससी कार्यालय के पास अपनी मांगों के समर्थन में अनशन करने वाले अभ्यर्थियों पर किए गए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के खिलाफ तानाशाही नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि अब सरकार को जनविरोधी नीतियों को छोडक़र जन कल्याणकारी नीतियों की तरफ ध्यान देना चाहिए।
बॉक्स : ओबीसी समाज के हितों के लिए रखी मांगें
कुरुक्षेत्र : ओबीसी कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक चंद्रप्रकाश ने सरकार से मांग की कि हरियाणा की प्रथम श्रेणी व द्वितीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए जो कि अभी 15 प्रतिशत ही है। सरकारी विभागों व विश्वविद्यालयों में रिक्त पड़े पिछड़ा वर्गों के बैकलॉग पर श्वेत पत्र जारी करके विशेष भर्ती द्वारा बैकलॉग को भरा जाए। नौकरियों, पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकाय संस्थाओं में मंडल कमीशन की रिपोर्ट के हिसाब से सरकार को तुरंत आरक्षण का प्रावधान करना चाहिए। ओबीसी समाज के लिए क्रीमीलेयर की आय सीमा 8 लाख रुपये से बढ़ाकर 16 लाख रुपये प्रतिवर्ष की जानी चाहिए।
