कुरुक्षेत्र 13 अगस्त उपायुक्त विश्राम सिंह मीणा ने कहा कि युवा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाएं। इस योजना का लाभ उठाने के लिए युवा समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें। इस योजना के तहत युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में काम करने का अवसर व अनुभव मिलेगा जिससे भविष्य में रोजगार की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा जिले के सभी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के सभी मॉनिटरिंग नोडल अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उपायुक्त ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत एक वर्ष की इंटर्नशिप के दौरान अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 9 हजार रुपए वजीफे के रूप में दिए जाएंगे। इसके साथ-साथ अभ्यर्थी को इंटर्नशिप शुरू करने पर 6 हजार रुपए एकमुश्त सहायता राशि भी दी जाएगी। इंटर्नशिप पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को एक वर्ष पश्चात अनुभव प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा योजना का लाभ 18 से 25 वर्ष के युवा जिन्होंने आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक की पढ़ाई पूरी की हो वही उठा सकते है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कुरूक्षेत्र के प्रधानाचार्य जगमोहन ने बताया कि इस योजना के लिए अभ्यर्थियों को भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा जिसके लिए अभ्यर्थियों के पास अपना आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र व बैंक खाते का विवरण होना आवश्यक है। योजना का लाभ केवल उन्हें ही मिलेगा जिनके परिवार में कोई भी सदस्य सरकारी नौकरी में नहीं है तथा वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम है।
