बाबैन राकेश शर्मा
आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बरगट में बालवाटिका-1 से कक्षा दूसरी तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा तीज उत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने तीज से संबंधित गीतों एवं नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। साथ ही, झूला झूलने, मेहंदी लगाने तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को तीज पर्व के महत्व तथा भारतीय संस्कृति में इसकी विशेष भूमिका के बारे में सरल एवं रोचक ढंग से जानकारी दी।
प्रधानाचार्य रोबिन कुमार ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रबंधक सोहन लाल ने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक महोदय उर्मिला सैनी, अनीता हांडा सहित समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ हुआ।
