करनाल, 12 अगस्त।   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा हर घर तिरंगा अभियान जिले के गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच गया है। जिलेभर में अभियान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

अभियान के तहत डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा  के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा साइकिल यात्राएं, तिरंगा यात्राएं एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और इसके महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

जिले के सभी उपमंडलों एवं खंडों में भी हर घर तिरंगा अभियान को उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन कर नागरिकों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि अभियान की भावना प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और जिले के अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा लहराए।

डीसी ने आमजन से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनकर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में अपना योगदान दें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *