कुरुक्षेत्र 12 अगस्त। सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरी कुरुक्षेत्र में कला और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियाणा कला परिषद द्वारा कला कीर्ति भवन में हरियाली तीज के पावन उपलक्ष्य में विद्यालय स्तरीय मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी पारंपरिक कलाओं, लोक संस्कृति और त्योहारों के महत्व से जोड़ना रहा। प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र जिले के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों के 100 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, उमंग और कलात्मक जज्बे के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान कला कीर्ति भवन का प्रांगण बच्चों की रचनात्मकता से जीवंत हो उठा। एक ओर जहाँ रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पारंपरिक और तीज को दर्शाते विषय पर आधारित रंग-बिरंगे, आकर्षक एवं संदेशपरक रेखांकन किए, वहीं दूसरी ओर मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी हथेलियों पर तीज से जुड़े पारंपरिक मांडने, बेल-बूटे और आधुनिक डिजाइनों की बेहद खूबसूरत आकृतियां उकेरीं। प्रतियोगिता को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए कला क्षेत्र के विशेषज्ञ रविंद्र कुमार तथा भारती धिमान ने निर्णायक मण्डल की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने बच्चों द्वारा रंगों के चयन, बारीकी, साफ-सफाई और रचनात्मक सोच के आधार पर विजेताओं का चयन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद जब परिणामों की घोषणा हुई, तो बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मेहंदी प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलाही की प्रतिभावान छात्रा सिमरन कौर ने अपनी अद्भुत कलाकारी के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया और 2100 की नकद पुरस्कार राशि जीती। वहीं, महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल की छात्रा दिशा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 1100 और राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुरुक्षेत्र की छात्रा संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 750 का पुरस्कार अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त, बच्चों के हौसले को बनाए रखने के लिए दिए गए 500-500 के दो सांत्वना पुरस्कार सेठ टेकचंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल की रिया और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की संज्ञा की झोली में गए। दूसरी तरफ, रंगोली प्रतियोगिता में सामूहिक और व्यक्तिगत प्रतिभा का शानदार नजारा देखने को मिला, जहाँ राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुरुक्षेत्र की टीम ने अपनी सर्वश्रेष्ठ कला का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और 3100 का नकद पुरस्कार जीता। इसी क्रम में गीता निकेतन आवासीय विद्यालय की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जिसे 2100 की राशि प्रदान की गई। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुरुक्षेत्र ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 1100 का नकद पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्योतिसर और ग्रीनफिल्ड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देकर उनकी हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारे अंतर्मन की अभिव्यक्ति और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। प्रतियोगिता में हार-जीत से ज्यादा जरूरी प्रतियोगिता में हिस्सा लेना और अपनी कला को निखारना है।
