करनाल। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर कुंजपुरा रोड स्थित प्रीतमपुरा में शिव भक्तों की सेवा और आस्था को समर्पित पांचवें विशाल शिविर एवं भंडारे का आयोजन आस्था और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में नमन किया और समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शिविर में श्रद्धालुओं एवं आयोजक मंडल से आत्मीय मुलाकात की और ब्रदर ग्रुप की ओर से निस्वार्थ भाव से किए जा रहे सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में सेवा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। श्रद्धा और समर्पण के साथ जरूरतमंदों तथा श्रद्धालुओं की सेवा करना स्वयं में भगवान शिव की आराधना के समान है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल आस्था से जुड़े अवसर नहीं होते, बल्कि समाज को एकजुट करने और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का भी माध्यम हैं। ऐसे सेवा शिविरों के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूती मिलती है तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की भक्ति, तप, सेवा और आत्मिक शुद्धि का संदेश देता है और समाज को इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर करनाल विधायक जगमोहन आनंद ने भी शिव भक्तों और आयोजक मंडल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रावण मास में शिव भक्ति के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य और सामाजिक समरसता का कार्य है। उन्होंने ब्रदर ग्रुप द्वारा लगातार पांचवें वर्ष आयोजित किए जा रहे शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की सकारात्मक भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर विधायक और महापौर ने आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं से भगवान शिव के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने तथा समाज हित में सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ये भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर मेघा भंडारी, सोशल जस्टिस एंड एंपावरमेंट ट्रिब्यूनल के सदस्य नवीन कुमार, सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन गिन्नी विर्क, पार्षद संकल्प भंडारी, करनाल बूट हाउस के संचालक कर्ण जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक, आयोजक मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।
