-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा का शुभारंभ, लाडवा विधानसभा के पिपली मंडल से लेकर थानेसर विधानसभा के शहीदी स्मारक तक मुख्यमंत्री ने पूरी की हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा, शहीदी स्मारक पर शहीदों को अर्पित किया पुष्प चक्र, शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल व पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने किया शहीदी स्मारक पर किया पौधा रोपण
कुरुक्षेत्र, 10 अगस्त।
 हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, वीर सैनिकों का शौर्य, माताओं की तपस्या, किसानों का परिश्रम और हमारे युवाओं के सपनों की चमक है। यहां कुरुक्षेत्र की हवाएं एक ही संदेश दे रही हैं कि राष्ट्र से बड़ा कुछ नहीं, तिरंगे से बढक़र कोई गौरव नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा एक जन-अभियान व राष्ट्र उत्सव बन चुका है। वर्ष 2022 में शुरू हुए इस अभियान ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रत्येक नागरिक के संबंध को अधिक आत्मीय बनाया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को लाडवा व थानेसर विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्यस्तरीय तिरंगा यात्रा का लाडवा विधानसभा के पिपली मंडल से शुभारंभ किया। इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ साथ सांसद नवीन जिंदल, हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी सहित हजारों नागरिकों, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया और यह तिरंगा यात्रा पुलिस लाईन, नए बस स्टैंड, द्रोणाचार्य स्टेडियम से होती हुई थानेसर मंडल के लघु सचिवालय में बने शहीदी स्मारक पर सम्पन्न हुई। इस तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने तिरंगा हाथ में लेकर पूरे जोश के साथ भारत माता के जयघोष बोलकर धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की फिजा में देश भक्ति का रंग घोल दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहीदी स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया और शहीदों के परिजनों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने शहीदी स्मारक पर कदम का पौधा लगाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम जन के हाथों में तिरंगा देखकर मेरा मन श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति से भर गया है। कुरुक्षेत्र कोई साधारण भूमि नहीं है। यह वह धर्मभूमि है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने मानव मात्र को श्रीमद्भागवद् गीता का अमर संदेश दिया था कि कर्तव्य से कभी पीछे मत हटो। इसी धरती से हम तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। यह अद्भुत संयोग हमें याद दिलाता है कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करना ही आधुनिक युग का राष्ट्र धर्म है। उन्होंने कहा कि गीता हमें कर्मयोग सिखाती है और तिरंगा हमें राष्ट्रयोग सिखाता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि एक समय था जब तिरंगा केवल सरकारी भवनों पर दिखाई देता था। आज यह हर गली, हर गांव, हर छत, हर दुकान और हर भारतवासी के हृदय में लहरा रहा है। जब किसी गरीब की छोटी-सी झोपड़ी पर तिरंगा लहराता है तो वह झोपड़ी भी भारत के स्वाभिमान का मंदिर बन जाती है और जब किसी किसान के ट्रैक्टर पर तिरंगा सजता है तो मिट्टी का प्रत्येक कण राष्ट्रभक्ति की सुगंध से भर जाता है। जब कोई बच्चा अपने हाथ में तिरंगा लेकर चलता है तो उसमें हमें विकसित भारत का भविष्य दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि आज तिरंगे के सामने हमारा संकल्प होना चाहिए कि कोई बेटी शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी, कोई बेटी असुरक्षित महसूस नहीं करेगी और किसी बेटी के सपनों पर भेदभाव का पहरा नहीं होगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। वर्ष 2047 में जब स्वतंत्रता के सौ वर्ष पूरे होंगे, तब भारत कैसा होगा-इसका निर्णय आज के हमारे कर्म करेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के इस विराट संकल्प में हरियाणा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमें अपने गांवों को आधुनिक बनाना है, लेकिन अपनी संस्कृति को नहीं भूलना है।
उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा से हमें सामाजिक एकता का भी संदेश देना है। हमारी भाषा अलग हो सकती है, वेशभूषा अलग हो सकती है, पूजा-पद्धति अलग हो सकती है, लेकिन हमारा तिरंगा एक है। तिरंगा हम 140 करोड़ भारतीयों की पहचान है, धडकऩ है। जब तिरंगा लहराता है, तब छोटे-बड़े, गरीब-अमीर और शहर-गांव के सभी भेद मिट जाते हैं। केवल एक पहचान बचती है कि हम सब भारतीय हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा आगे बढऩेे के साथ हमारेे कदमों के साथ हमारा संकल्प भी आगे बढऩा चाहिए। हर हाथ में तिरंगा हो, हर मन में भारत हो और हर कर्म में राष्ट्रहित हो। तिरंगा हमारे घर की छत पर भी लहराए और हमारे चरित्र में भी दिखाई दे।

तिरंगा हमारी पहचान और वंदे मातरम है हमारी आवाज : नवीन जिंदल
लोकसभा कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आज हर हाथ में जो तिरंगा देखा जा रहा है ये वो सपना है, जिसे 34 वर्ष पहले अमेरिका में देखा था। अमेरिका के नागरिक अपने देश के झंडे को अपने घरों पर फहराते थे। तब मन में सपना बना कि हम भी अपने देश में ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए 10 वर्ष तक कानूनी लड़ाई लड़ी और इस साथियों के सहयोग से उसमें जीत भी दर्ज की। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वो राजनीति, जात-पात, धर्म से ऊपर उठकर अपने-अपने घरों में तिरंगा लहराएं। ये वो संकल्प है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने का रास्ता दिखाता है। तिरंगा हमारी पहचान है और वंदे मातरम हमारी आवाज है। वंदे मातरम को 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकसित हरियाणा की ओर तेजी के साथ बढ़ रहा है।

कुरुक्षेत्र के लिए जो भी मांगा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वो सब दिया : सुभाष सुधा
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि यह कुरुक्षेत्र का सौभाग्य है कि प्रदेश की पहली तिरंगा यात्रा धर्मनगरी से निकाली जा रही है। इस दिन हम सब मिलकर शहीदों को याद कर रहे हैं। वीर शहीदों को याद करने के लिए प्रदेश के नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक कुरुक्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जो भी मांगा है, वो शहर को दिया है। नागरिकों के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का सपना पूरा हुआ है। इससे किसान, युवा, व्यापारी सहित सभी को लाभ हुआ है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने शहर को 200 बैड का अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, आयुष यूनिवर्सिटी जैसे बड़े प्रोजेक्टों का निर्माण चलवाया हुआ है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े प्रोजेक्ट बाईपास की सौगात भी नागरिकों की झोली में डाली है। मुख्यमंत्री के उसी प्यार की बदौलत इतना जनसमूह उमड़ा है।

तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में मौजूद रहे गणमान्य
इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, चेयरमैन सुभाष कलसाना, भाजपा वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमच, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सैनी, प्रदेशाध्यक्ष अवनीत वडैच, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, प्रदेश सचिव रवि बत्तान, धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरपर्सन माफी ढांडा, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, राहुल राणा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल सुधा, प्रधान जितेंद खैरा, बीबी करतार कौर, राजकुमार सैनी, सुशील राणा, नायब सिंह पटाक माजरा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *