कुरुक्षेत्र 10 अगस्त उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के दौरान कोई भी नागरिक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर सकता है। इसके बाद पोर्टल पर संबंधित के नाम से प्रमाण पत्र जारी हो जाएगा। इसके लिए हर घर तिरंगा.कॉम पर पंजीकरण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस बार राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सभी जिलों में हर घर तिरंगा अभियान को विशेष तौर पर मनाएं और इसमें लोगों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी हो।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा गतिविधियां आयोजित करें। इसके साथ ही हर घर तिरंगा पोर्टल पर वीडियो और फोटो अपलोड करें। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा पोर्टल पर जिला के नागरिक भी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करें और देश की आन बान शान तिरंगे के प्रति सम्मान जाहिर करें। इसके लिए नागरिकों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी मिलेगा। सेल्फी अपलोड करने के लिए नागरिक पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक विकसित करना है। स्वतंत्रता दिवस पर 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों के तहत अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें साइकिल रैली, बाइक रैली, ई बाइक रैली, तिरंगा यात्रा आदि शामिल हैं। साथ ही विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी। सरकारी भवनों पर तिरंगा लाइट लगेंगी। इसी दौरान 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के दौरान शिक्षण संस्थाओं की दीवारों को तिरंगा से सजाना है। सोशल मीडिया पर तस्वीरों का सांझा करना है। इस दौरान घरों व कार्यालयों पर तिरंगा फहराया जाएगा, तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड की जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों ने निर्देश दिए कि हर घर तिरंगा अभियान के दौरान सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालय परिसरों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करें। यदि कहीं पर कोई कूड़ा-कचरा है तो उसका निष्पादन करें। स्कूल व उच्चतर शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग खेल विभाग, पंचायत विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, मार्केटिंग बोर्ड, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, श्रम विभाग, एनसीसी और एनएसएस रेडक्रॉस सहित सभी प्रमुख विभागों को निर्देश दिए है कि वे अपने-अपने विभागों के तहत आयोजित हर घर तिरंगा कार्यक्रमों की फोटो व वीडियो क्लिप वेबसाइट अपलोड करे।
