कुरुक्षेत्र, 8 अगस्त : जग ज्योति दरबार में संत महापुरुषों के सान्निध्य में सावन महीने के शिव अनुष्ठान और रुद्राभिषेक के चलते निरंतर मंत्रोच्चारण की गूंज सुनाई दे रही है। ऐसे में सावन पूजन के लिए विदेश से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शनिवार को इटली से आए रोहित कालड़ा ने परिवार के सदस्यों के साथ महंत राजेंद्र पुरी की कठोर खड़ी तपस्या के बीच सावन शिव अनुष्ठान एवं रुद्राभिषेक तथा आशीर्वाद लिया।
महंत राजेंद्र पुरी प्रतिदिन श्रद्धालुओं एवं यजमान परिवारों के साथ नर्मदेश्वर महादेव शिवलिंग पर रुद्राभिषेक कर रहे हैं। ऐसे में पूरा दरबार हर-हर महादेव, ओम नमः: शिवाय एवं बम बम भोले के जयकारों से गूंज रहा है। सावन शिव अनुष्ठान और रुद्राभिषेक के उपरांत मस्ती भरे श्रद्धालुओं एवं महिलाओं ने भक्ति और उत्साह के साथ सावन शिव भजनों का गुणगान करते हुए कीर्तन किया।
महंत राजेंद्र पुरी ने कहा कि सावन भजनों का गुणगान पारंपरिक प्रथा है। यह भजन न केवल आध्यात्मिक आनंद प्रदान करते हैं, बल्कि वातावरण को भी भक्तिमय और आनंदित बनाते हैं। उन्होंने कहा कि भोलेनाथ शिव तथा माता पार्वती को प्रसन्न करने के लिए ही भजनों का गायन किया जाता है। इस मौके पर मेरा भोला है भंडारी पंजाबी भजन तो सभी शिव भक्तों को मस्त करने वाला रहा। शिव शंकर को जिसने पूजा उसका ही उद्धार हुआ, भोले की महिमा अपरंपार इत्यादि भजनों पर श्रद्धालु खूब नाचे। इसी के साथ ही शिव भोले भंडारी की आरती भी हुई।
महंत राजेंद्र पुरी ने शिव भक्तों को शिव तांडव स्तोत्र पाठ की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह एक शक्तिशाली स्तोत्र है जो भगवान शिव के उग्र और शक्तिशाली स्वरूप का वर्णन करता है। महंत राजेंद्र पुरी ने संतों के साथ जब शिवलिंग पर रुद्राभिषेक किया तो यजमान के तौर पर मनोज कुमार, अजय मदान, कुलदीप देवी, गौरव सांगवान, अभिषेक, पूनम, गगन, रवि शर्मा, मनोज चुग ने भी भाग लिया। महंत राजेंद्र पुरी ने कहा कि यह अवसर भाग्यशाली लोगों को मिलता है। सावन में रुद्राभिषेक और मंत्रोच्चारण भगवान शिव के प्रति भक्तों की अटूट श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। यह अनुष्ठान न केवल भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाता है बल्कि उन्हें आध्यात्मिक लाभ भी प्रदान करता है। इस अवसर जगत चोपड़ा, रघुबीर सिंह, जयंती चौहान, देवेंद्र सिंह, हरबंस कुमार, अक्षय राठी, राजेश्वर, अजय राठी, विजय राठी, कन्हैया लाल एवं मनप्रीत सिंह इत्यादि भी मौजूद रहे।
