कुरुक्षेत्र, 8 अगस्त। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन द्वारा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई “आपका केस-आपकी जानकारी” पहल को सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना व चौकियों में सभी अनुसंधान अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता अपने-अपने मामलों की जानकारी लेने के लिए संबंधित थाना व चौकियों में पहुंचे। कुरुक्षेत्र पुलिस की इस पहल को लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार 8 अगस्त शनिवार को अनुसंधान अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से विनम्रता और संवेदनशीलता के साथ मुलाकात की तथा उन्हें उनके मामलों की वर्तमान स्थिति, जांच की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिन मामलों में शिकायतकर्ताओं ने सुझाव या शंकाएं व्यक्त की, उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया। कई मामलों में जांच से जुड़े आवश्यक तथ्यों की जानकारी देकर शिकायतकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया, जिससे उन्हें अपने मामलों की वास्तविक स्थिति का स्पष्ट पता चल सका। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना व चौकियों में पहुंचे नागरिकों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने मामलों की जानकारी के लिए अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संबंधित अनुसंधान अधिकारी से सीधे बातचीत होने से उनकी शंकाओं का समाधान हुआ और जांच प्रक्रिया के प्रति उनका भरोसा भी बढ़ा है। कई शिकायतकर्ताओं ने इस पहल को जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। पुलिस भविष्य में भी जनता और पुलिस के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के उद्देश्य से ऐसे जनहितकारी प्रयास लगातार जारी रखेगी।
