कुरुक्षेत्र 7 अगस्त महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों में एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र जिले में आज शुक्रवार को दुखभंजन मंदिर में डॉ. विनीता सहित आयुष विभाग के अन्य स्टाफ द्वारा कांवडिय़ों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। श्रावण माह में आ रहे श्रद्धालुओं को थकान, बुखार, डिहाइड्रेशन और पैरों में छालों का प्राथमिक उपचार देकर आयुर्वेदिक दवाइयां निशुल्क वितरित की गई है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि ज्योतिसर की इंदिरा कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सुप्रजा नेशनल आयुष मिशन टीम द्वारा स्तनपान जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। डॉ. कोमल सैनी ने माताओं को नवजात शिशुओं के लिए स्तनपान के महत्व, पोषण और स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। योग प्रशिक्षक अनीता देवी ने गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए विशेष योगाभ्यास भी करवाए। वहीं पीएचसी धुराला में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत औषधीय पौधों का वितरण और रोपण किया गया। आयुष विभाग द्वारा इस अभियान के लिए कुरुक्षेत्र के विभिन्न केंद्रों में योगदान दिया जा रहा है।
डॉ. तन्वी और योग सहायक रजत ने तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा और नीम के पौधे लगाकर ग्रामीणों को उनके औषधीय गुणों से अवगत कराया। इसी अभियान के अंतर्गत डॉ तृप्ता एवं आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट बलराज द्वारा आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी धुराला में भी पौधारोपण किया गया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि महानिदेशक आयुष हरियाणा के निर्देशों के अनुरूप हम जमीनी स्तर पर आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। चिकित्सा सेवा, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण ये तीनों मिलकर स्वस्थ समाज की नींव रखेंगे।
