कुरुक्षेत्र, 7 अगस्त। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन द्वारा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई “आपका केस-आपकी जानकारी” पहल को सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को जिले के सभी थाना व चौकियों में सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक सभी अनुसंधान अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 8 अगस्त शनिवार को जिला पुलिस के सभी थाना/चोंकियों के अनुसंधान अधिकारी अपने-अपने कार्य स्थल पर हाजिर रहेंगे ताकि आमजन को उनके की वर्तमान स्थिति, जांच की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा सके। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन की इस पहल का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में अधिक पारदर्शिता लाना, अनुसंधान अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा आमजन को अपने मामलों की जानकारी के लिए सरल और सहज व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जब शिकायतकर्ता को समय पर उसके मामले की प्रगति की जानकारी मिलती है तो पुलिस के प्रति उसका विश्वास और मजबूत होता है। यही विश्वास प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी ताकत है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस भविष्य में भी जनता और पुलिस के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के उद्देश्य से ऐसे जनहितकारी प्रयास लगातार जारी रखेगी।
