करनाल। हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य और परिवर्तनकारी विकास यात्रा को समर्पित ‘आइकन्स ऑफ हरियाणा-चैंपियंस ऑफ चेंज’ कार्यक्रम के अंतर्गत नूर महल सभागार प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का साक्षी बना। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जबकि करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर समाज, उद्योग, शिक्षा, प्रशासन, उद्यमिता एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
अपने प्रेरक संबोधन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि “स्वस्थ हरियाणा-स्वस्थ भारत” का संकल्प प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टियर-1, टियर-2 एवं टियर-3 शहरों का संतुलित एवं समग्र विकास, औद्योगिक विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और आधुनिक आधारभूत ढांचे का निर्माण विकसित हरियाणा की मजबूत नींव है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनकल्याणकारी नीतियों और दूरदर्शी विकास योजनाओं के बल पर हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और अधिक सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन की चेतना जगाने के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जिन विभूतियों को सम्मानित किया गया है, उन्होंने अपने समर्पण, नवाचार और अथक परिश्रम से हरियाणा को नई पहचान दिलाई है। उनका संघर्ष, सेवा और उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं तथा समाज को आगे बढ़ाने की ऊर्जा प्रदान करती हैं।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के जिस विजन के साथ आगे बढ़ रही है, उसका सकारात्मक प्रभाव प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के कुशल नेतृत्व एवं सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों से हरियाणा औद्योगिक प्रगति, निवेश, रोजगार और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर जिला सचिव मनमीत बावा, रोहित शर्मा, अलका चौधरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महापौर ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
