पिहोवा 6 अगस्त – उपमंडल अधिकारी नागरिक गुरविंद्र सिंह ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त को पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। उपमंडल पिहोवा में 79वां स्वतत्रंता दिवस समारोह 15 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। वे वीरवार को अपने कार्यालय के सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।
एसडीएम गुरविंद्र सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उपमंडल पिहोवा में स्वतत्रंता दिवस समारोह को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह पिहोवा की अनाजमंडी के प्रांगण में मनाया जाएगा तथा कार्यक्रम की फाईनल रिहर्सल 13 अगस्त को अनाजमंडी पिहोवा में ही की जाएगी। उन्होंने नगरपालिका सचिव को निर्देश दिए कि बरसात का मौसम होने के कारण सभी प्रकार की सुविधाएं अनाजमंडी में उपलब्ध होनी चाहिए। अनाजमंडी पिहोवा में साफ-सफाई तथा स्टेज की सजावट का कार्य नगरपालिका सचिव करवाएंगे। उन्होंने खंड शिक्षा विभाग को आदेश दिए कि वे सभी स्कूलों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत करने वाले राष्ट्र भक्ति गीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति करने वाली अच्छी टीमों का चयन करें। सभी स्कूलों में से स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए टीमों का चयन किया जाएगा, जो कार्यक्रम में अपनी विभिन्न प्रस्तुतियां देंगे।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में शहर का सौंदर्यकरण किया जाए। उन्होंने सीडीपीओ विभाग को रंगोली, पुलिस विभाग को बेरीकेटिंग, यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस तथा दवाईयों की व्यवस्था, टैंटेज सहित सभी विभागों को अपने विभागों से सम्बंधित व्यवस्थाएं जल्द से जल्द पूरी करने बारे कहा। उन्होंने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए कहा कि कार्यक्रम अनाज मंडी के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा, परंतु यदि बरसात आती है तो यह कार्यक्रम अनाजमंडी की शैड के नीचे आयोजित किया जाएगा। इसलिए अधिकारी दोनों जगहों पर सभी तैयारियां दुरुस्त रखें। उन्होंने सभी विभागों को आदेश दिए कि वे समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लें ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने में कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर तहसीलदार पूनम सोंलकी, एसएचओ सुनील वत्स, नगरपालिका सचिव अशोक, मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह, बीडीपीओ पिहोवा विवेक, उपमंडल कृषि अधिकारी मनीष वत्स, बिजली विभाग से गुरमीत सिंह, बीईओ रामराज शर्मा, इस्माईलाबाद के बीडीपीओ अंकित पुनिया सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
