किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके युवाओं के कौशल पर निर्भर होता है। युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी संपत्ति है, जो अपने जोश, ऊर्जा और नए विचारों से देश के विकास को नई दिशा दे सकती है। युवा न केवल वर्तमान को आकार देते हैं, बल्कि भविष्य की नींव भी रखते हैं।  यह विचार मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ.श्रीप्रकाश मिश्र ने राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, उमरी, कुरुक्षेत्र द्वारा  भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद  के दिशा निर्देशों द्वारा नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित छात्र अभिप्रेरणा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र, अति विशिष्ट अतिथि रमेश चौधरी एवं संस्थान के शिक्षक समूह द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नव प्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक  गतिविधियों, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा  सामाजिक उत्तरदायित्व से परिचित कराते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात समाजसेवी, शिक्षाविद एवं कुरुक्षेत्र स्थित मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए  विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण एवं सकारात्मक सोच से अवगत कराया। उन्होंने कहा तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं , बल्कि  समाज के उत्तरदायी, संवेदन शील एवं श्रेष्ठ नागरिक का निर्माण करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी शिक्षा के ज्ञान के साथ साथ मानवीय संवेदनाओं, अनुशासन, सेवाभाव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनने का आह्वान किया। डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने विद्यार्थियों को विश्व के प्रसिद्ध एवं महान वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडिसन का उदाहरण देते हुए कहा देश के प्रत्येक युवा का जीवन असाधारण एवं अमूल्य है। सब में अपार ऊर्जा है। बस केवल आवश्यकता है कुशल मार्गदर्शन एवं मार्गदर्शक की।
कार्यक्रम के विशिष्ट जिला रेडक्रॉस के सचिव रमेश चौधरी ने  विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन  स्वस्थ जीवन शैली तथा बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी  उन्होंने विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन, अनुशासन, समय की पाबंदी, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा कठोर परिश्रम  के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के कार्यकारी प्राचार्य  डॉ. लाभ सिंह ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि छात्र अभिप्रेरणा कार्यक्रम नवप्रवेशित विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ साथ सामाजिक दायित्व बोध के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की सभी शैक्षणिक एवं सह पाठ्यक्रम गतिविधियों में  सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष अर्चना शर्मा, कँवल सचदेवा, हरविंदर सैनी, राजीव कुमार , देवव्रत एवं प्रियंका नैन ने  अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी विद्यार्थियों ने प्रेरणादायी सत्र से  प्राप्त सीख को  अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन संस्थान के संकाय सदस्यों द्वारा किया गया

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *