घरौंडा/ करनाल ,4 अगस्त। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने गत दिवस घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों का जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, एसडीएम राजेश सोनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौका निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने लघु सचिवालय का विस्तार, ऑडिटोरियम हॉल के नजदीक शहीद स्मारक व लाइब्रेरी निर्माण, बिजली विभाग के अधीन भूमि पर पार्किंग की योजना ताकि लोगों को जाम से राहत मिले, अराइपूरा तथा उप मण्डल कार्यालय की सडक़ का चौड़ीकरण, सर्विस लेन पर रैंप की व्यवस्था व शहर के अंदर जीटी रोड सर्विस लेन तथा मिनी बाईपास का चौड़ीकरण ताकि ट्रैफ़िक व्यवस्था को ओर बेहतर किया जा सके, खूनी पुल अंडर पास बनाने में रेल्वे विभाग की तरफ से आई अड़चन का समाधान, फुरलक रोड को माडल रोड विकसित करना, जीटी रोड पर स्थित कैमला और अराइपूरा अंडर पास का साइज बड़ा करना ताकि यहां से गुजरने वाले अत्यधिक ट्रेफिक को भविष्य में व्यवस्थित किया जाए, रेलवे रोड पर स्थित पुरानी दुकानों को व्यवस्थित करना, रेलवे पटरी पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण जिसमें रेल्वे विभाग की तरफ से हो चुकी मनाही का समाधान, पटरी के साथ लगती रेलवे की जमीन पर प्ले ग्राउंड निर्माण की योजना, मलिकपूर रोड पर एसटीपी की खाली पड़ी भूमि परियोजनाओं को लागू करना ताकि क्षेत्र के लोगों को भविष्य में उनका लाभ मिल सके का मौका निरीक्षण किया ताकि भविष्य की इन सभी परियोजनाओं के लिए उपयुक्त स्थानों और इनमें आ रही अड़चनों को कैसे दूर करके प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित परियोजनाओं का तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं। जिन परियोजनाओं में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी तालमेल स्थापित कर बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा जिन परियोजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
इस अवसर पर जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, एसडीएम राजेश सोनी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
