कुरुक्षेत्र, 4 अगस्त : हर वर्ष के भांति मारकंडा नदी के तट पर श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में सावन महीने का पूजन एवं पार्थिव शिवलिंग अभिषेक चल रहा है। अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी एवं अन्य संतों के सान्निध्य में शिव भक्तों ने सावन महीने का मंगलवार होने के कारण मंगला गौरी पूजन तथा पार्थिव शिवलिंग अभिषेक किया।
महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि सावन में भगवान शिव परिवार की पूजा का विशेष महत्व है। सावन महीने में जिस प्रकार प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव की विशेष पूजा होती है, ठीक वैसे ही सावन के प्रत्येक मंगलवार को मंगला गौरी ( माता पार्वती) पूजन होता है। मां गौरी की पूजा अर्चना की जाती है। इस दिन महिलाएं अखंड सौभाग्य के आशीर्वाद के लिए मां गौरी की पूजा करती हैं।
इसी मौके पर श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर में बंबू सिंह विर्क, जोगा सिंह, गुरजिंदर कौर, गुरमीत कौर, नरेश काजल, जरनैल चोपड़ा व मोहित बावा इत्यादि ने परिवार के सदस्यों के साथ विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पार्थिव शिवलिंग अभिषेक करवाया और उसके उपरांत पार्थिव शिवलिंग को मारकंडा नदी में विसर्जन करवाया।
इस अवसर परमहंत बीर पुरी स्वामी अमर दास, स्वामी संतोषानंद, स्वामी सीताराम, स्वामी रामनाथ पुरी, विश्वनाथ पुरी, बिल्लू पुजारी, राजेंद्र सैनी, बलबीर सिंह, हरिओम प्रकाश, नाजर सिंह, जगतार सिंह व सुक्खा सिंह इत्यादि भी मौजूद रहे।
