करनाल। भारतीय जनता पार्टी का सशक्त और सक्रिय संगठन ही विकसित भारत एवं विकसित हरियाणा के संकल्प को पूरा करने की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसेवा के भाव के साथ भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है। ये विचार महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शुक्रवार को अशोका होटल में आयोजित भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में व्यक्त किए।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ काम करने वाला परिवार है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और सेवा ही समर्पण के मंत्र को आत्मसात करते हुए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और जनता के साथ निरंतर संवाद ही संगठन की असली शक्ति है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनहित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने में संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएं।
बैठक में संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, बूथ स्तर पर गतिविधियों को गति देने तथा मंडल एवं शक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि भाजपा की पहचान उसके कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं से है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के विश्वास के कारण पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बने।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी हैं और सभी पदाधिकारी मिलकर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य करेंगे।
ये भी रहे उपस्थित
बैठक में जिला महामंत्री मानव पुरी, भाजपा कार्यकर्ता इलम सिंह, श्री मदन गुज्जर सहित सभी मंडल अध्यक्ष, पार्षद, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
