कुरुक्षेत्र, 31 जुलाई। महान क्रांतिकारी एवं अमर शहीद सरदार ऊधम सिंह के बलिदान दिवस पर प्रेरणा समिति हरियाणा द्वारा पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए पौधारोपण एवं साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बरगद एवं पीपल के पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रयास फाउंडेशन के प्रधान नरेश सैनी ने की जबकि रोटी बैंक के महासचिव विशेष रूप से उपस्थित रहे। पौधारोपण के प्रति सजग डॉ. सत्यनारायण शर्मा एवं सुभाष भारद्वाज के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। प्रेरणा समिति हरियाणा के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साइकिल यात्रा के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, स्वस्थ जीवनशैली तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। डॉ. वर्मा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देना हम सभी का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम में नरेश सैनी, डॉ. सत्यनारायण शर्मा, सुभाष भारद्वाज, करमचंद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा शहीद ऊधम सिंह के अमर बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की स्मृति में किए जाने वाले ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम समाज में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
