कुरुक्षेत्र, 29 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के आदेशानुसार विश्वविद्यालय एडमिशन सेल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय शिक्षण विभागों (यूटीडी) में संचालित स्नातक (यूजी), इंटीग्रेटेड तथा एप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) (आईआईएचएस को छोड़कर) के रिक्त पदों पर प्रवेश के संबंध में महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में इन कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 अगस्त 2026 कर दी है। यह प्रवेश पूर्व निर्धारित ₹1000 विलंब शुल्क के साथ किया जाएगा। जारी सूचना के अनुसार जिन विभागों में प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) उपलब्ध है, वहां प्रवेश 5 अगस्त 2026 तक मौजूदा प्रतीक्षा सूची से ही किए जाएंगे। सभी प्रवेश हैंडबुक ऑफ इंफॉर्मेशन तथा विश्वविद्यालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही होंगे।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटें उपलब्ध हैं, उनके लिए 30 जुलाई 2026 को फिजिकल/ओपन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इस काउंसलिंग में ऐसे सभी पात्र अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने पहले आवेदन किया हो या नहीं किया हो। अभ्यर्थियों को सुबह 9.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक अपनी भौतिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके बाद संबंधित विभाग मेरिट सूची तैयार करेंगे, मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन करेंगे तथा प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 31 जुलाई 2026 तक निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कराना अनिवार्य होगा। प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि फिजिकल/ओपन काउंसलिंग के दौरान रिक्त सीटों की संख्या प्रवेश वापसी के कारण परिवर्तित हो सकती है। इसलिए अभ्यर्थियों को नवीनतम जानकारी के लिए संबंधित विभागों से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है।
उन्होंने बताया कि फिजिकल/ओपन काउंसलिंग जिन प्रमुख पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित की जाएगी, उनमें एम.टेक. एप्लाइड जियोलॉजी (5 वर्षीय इंटीग्रेटेड), बी.एससी. जियोलॉजी प्रोफेशनल (एईडीपी), बी.ए.-बी.एड. (चार वर्षीय इंटीग्रेटेड), बी.कॉम.-बी.एड. (चार वर्षीय इंटीग्रेटेड), बी.एससी. प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी, बी.एससी. मल्टीमीडिया, बी.वोक. इंडस्ट्रियल बायोकेमिस्ट्री (एईडीपी) तथा बी.वोक. एनवायरनमेंटल साइंस एंड सस्टेनेबिलिटी (एईडीपी) सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार प्रवेश दिए जाएंगे। पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों सहित संबंधित विभाग में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया है। इस संबंध में अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
बाक्स
रिक्त सीटो का विवरण

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार एम.टेक. एप्लाइड जियोलॉजी (5 वर्षीय इंटीग्रेटेड) में 12, बी.एससी. जियोलॉजी प्रोफेशनल (एईडीपी) में 25, बी.ए.-बी.एड. (चार वर्षीय इंटीग्रेटेड) में 3, बी.कॉम.-बी.एड. (चार वर्षीय इंटीग्रेटेड) में 44, बी.एससी. प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी में 14, बी.एससी. मल्टीमीडिया में 5, बी.वोक. इंडस्ट्रियल बायोकेमिस्ट्री (एईडीपी) में 20 तथा बी.वोक. एनवायरनमेंटल साइंस एंड सस्टेनेबिलिटी (एईडीपी) में 27 रिक्त सीटें उपलब्ध हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *