बाबैन राकेश शर्मा
रिपु सूदन सिंह गीता विद्या मंदिर, बाबैन में आयोजित 37वें प्रांतीय खेलकूद समारोह का समापन समारोह अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह ऐतिहासिक आयोजन विद्यालय के गौरवपूर्ण इतिहास में सदैव प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय अध्याय के रूप में स्मरण किया जाएगा।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मेजबान विद्यालय रिपु सूदन सिंह गीता विद्या मंदिर, बाबैन के विद्यार्थियों ने कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-11 बालक, अंडर-11 बालिका तथा अंडर-14 बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।इसी प्रकार गीता विद्या मंदिर, गोहाना ने अंडर-11 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नंदलाल गीता विद्या मंदिर, तेपला ने अंडर-14 बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में एम.एस.डी. गीता विद्या मंदिर, उचाना मंडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और निरंतर परिश्रम का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा खेलों से सर्वांगीण विकास होता है। खेलों को खेल की भावना से ही खेलना चाहिए। खेल केवल शारीरिक क्षमता को ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का भी विकास करते हैं।खेल शिक्षा का अभिन्न अंग, सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है ज्यादा से ज्यादा बच्चों को खेलो में बढ़चढ़ भाग लेना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के खिलाड़ी ही भविष्य में प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
समारोह में कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, बाबैन सरपंच संजीव सिंगला, भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा जालखेड़ी, हिंदू शिक्षा समिति उपाध्यक्ष चेतराम शर्मा, उत्तर क्षेत्र के खेलकूद संयोजक मलखान सिंह, हरियाणा प्रांत खेलकूद संयोजक किशोर चौहान, कार्यक्रम संयोजक अंकित सैनी (शारीरिक आचार्य), सह संयोजक सत्यप्रकाश, कोषाध्यक्ष रामऋषि, पर्यवेक्षक गुरुनाम सैनी, हरकेश, सर्व व्यवस्था प्रमुख विनोद सिंगला, सह सर्व व्यवस्था प्रमुख राजकिशन तथा समिति सदस्य उपदेश शर्मा सहित विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, आचार्यगण, कर्मचारी एवं हरियाणा के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी और उनके संरक्षक उपस्थित रहे।
