करनाल, 29 जुलाई। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तलाश रहे युवाओं के लिए रोजगार विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय द्वारा समय-समय पर व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इस दौरान विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने, उच्च शिक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों से अवगत कराने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की समयबद्ध तैयारी के लिए प्रेरित करने के लिए विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार एवं करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाती है।
जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल ने बताया कि इसी कड़ी में गत 20 से 24 जुलाई तक शहर के दो तथा गांव खेड़ी नरु, इंद्री एवं घरौंडा के एक-एक राजकीय विद्यालय में व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के दौरान जिला रोजगार अधिकारी, सहायक जिला रोजगार अधिकारी प्रतीक व सृष्टि द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार एवं करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
उन्होंने बताया कि सफलता का पहला कदम स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना है। यदि विद्यार्थी समय रहते अपने करियर का लक्ष्य तय कर लें तो वे योजनाबद्ध तरीके से तैयारी कर बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में वे भविष्य बनाना चाहते हैं. उसकी तैयारी 10वीं, 11वीं एवं 12वीं कक्षा से ही प्रारंभ कर देनी चाहिए। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रतियोगी गतिविधियों, क्विज, प्रतिभा खोज परीक्षाओं तथा अन्य प्रतियोगिताओं में नियमित भाग लेने से आत्मविश्वास, ज्ञान एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को करियर के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर अध्यापकों एवं वरिष्ठजनों से निसंकोच मार्गदर्शन लेना चाहिए।
