करनाल, 28 जुलाई। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अदालतों में लंबित मुकदमों के सौहार्दपूर्ण निपटान को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से समाधान समारोह 2026 शुरू किया गया है। अभियान के तहत 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालतें लगाई जाएंगी। इस दौरान पारंपरिक न्यायिक प्रक्रिया के स्थान पर संवाद, सहमति और मध्यस्थता के जरिए विवाद सुलझाए जाएंगे जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि लंबित मुकदमों की पहचान कर संबंधित पक्षों से संपर्क किया जाएगा। दोनों पक्षों को प्री लोक अदालत और सुलह बैठकों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वर्चुअल और हाइब्रिड मोड से वीडियो कॉन्फ्रेंस सुविधा भी दी जाएगी।
आमजन इस बारे में अधिक जानकारी के लिए जिला एडीआर सेंटर में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नं. 0184-2266138 व नालसा हेल्पलाइन नं. 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।
