कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में रसायन विज्ञान विभाग द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा करते हुए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, शोधार्थियों तथा एम.एससी. रसायन विज्ञान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. जी. पी. दुबे ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस और त्याग की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा देश के वीर शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं कविताओं की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रभक्ति, गर्व और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना जागृत की। इसके उपरांत कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरणादायी डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसमें भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उन वीर जवानों के बलिदान की याद दिलाई, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया।
कार्यक्रम का समापन सभी शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके अमूल्य बलिदान को सदैव स्मरण रखने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रोफेसर हरदीप आनंद, प्रोफेसर प्रवीण कुमार, डॉक्टर रितु एवं अन्य शिक्षक मौजूद थे।
