कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा विश्वविद्यालय परिसर को हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल हॉस्टल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के एडवाइजर प्रो. संजीव अग्रवाल तथा पुरुष छात्रावास के मुख्य छात्रपाल प्रो. जसबीर सिंह ढांडा ने किया। इस अवसर पर विभिन्न औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर इंटरनेशनल हॉस्टल के वार्डन डॉ. रमेश कुमार, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के डिप्टी एडवाइजर प्रो. दीपक बब्बर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रो. संजीव अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी हॉस्टल परिसर को और अधिक हरित बनाने के लिए नियमित रूप से पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
प्रो. जसबीर सिंह ढाँडा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को बेहतर छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के डिप्टी एडवाईजर प्रो. दीपक बब्बर ने बताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया है तथा विश्वविद्यालय की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की संख्या में और वृद्धि होगी।
इंटरनेशनल हॉस्टल के वार्डन डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि हॉस्टल परिसर में प्रत्येक वर्ष पौधारोपण अभियान चलाया जाता है। वर्तमान में परिसर में अनेक प्रकार के फलदार, औषधीय एवं छायादार वृक्ष विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान कर रहे हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *