करनाल, 27 जुलाई। हरियाणा रेडक्रॉस चंडीगढ़ के वाईस चेयरमैन अंकुश मिगलानी एवं महासचिव डॉ. सुनील कुमार के दिशा-निर्देशन व उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित टार्गेटेड इंटरवेंशन प्रोजेक्ट द्वारा सोमवार को हाई रिस्क पापुलेशन एरिया के लोगों के लिए रविदास मंदिर बड़ा गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव कुलबीर मलिक ने बताया कि टी आई प्रोजेक्ट (रेडक्रॉस) और सरकारी अस्पताल की टीम ने मिलकर बड़ा गांव के रविदास मंदिर में आज हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, एचआईवी/एड्स तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को इन संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना था।
उन्होंने बताया कि शिविर में आए लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच सरकारी अस्पताल की एक्सपर्ट टीम द्वारा की गई तथा उन्हें एचआईवी/एड्स, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी से बचाव के उपाय, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में 30 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया और 19 को एचसीवी वैक्सीनेशन लगाई गई। इसके अतिरिक्त 23 व्यक्तियों की एचआईवी जांच की गई।
उन्होंने बताया कि शिविर में टीआई परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समस्त टीआई स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर शिविर को सफल बनाने तथा समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा करनाल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता का लाभ पहुंचाया जा सके।
