कुरुक्षेत्र, 27 जुलाई। पूज्य गीता मनीषी परमपूज्य स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सान्निध्य में 29 जुलाई बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ गीता ज्ञान संस्थानम में आयोजित किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार की एक महत्वपूर्ण बैठक गीता ज्ञान संस्थानम् में आयोजित हुई। समिति के अध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सेवकों एवं पदाधिकारियों के दायित्व निर्धारित किए गए। कार्यक्रम में दर्शन व्यवस्था, जल सेवा, गौ-पूजन, लाइन व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग, मंच संचालन, साउंड, लाइट, निमंत्रण, सेवा सहयोग, फ्लेक्स एवं टेंट सहित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्णय लिया गया। साथ ही अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर चर्चा हुई।
बैठक में समिति के अध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आह्वान किया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, सेवा, अनुशासन एवं संगठन की भावना का अनुपम उदाहरण बने। उन्होंने सभी सेवकों से अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आग्रह किया। श्री कृष्ण कृपा गौशाला के प्रधान सुनील वत्स ने जानकारी दी कि गुरु पूर्णिमा उत्सव 29 जुलाई को सायं साढ़े 3 बजे आयाेजित होगा। गुरु पूजा के पश्वात गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज का आर्शी वचन होगा। उसके बाद भंडारा प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
बैठक में समिति के महासचिव अशोक अरोड़ा, डॉ. श्याम लाल आहूजा, विजय नारूला, कर्म सिंह सैनी, के.के. कौशल, प्रवीन गुप्ता, सतपाल राम, संजय आहूजा, गजेन्द्र पाल, कृष्ण लाल, वेद प्रकाश धीमान, दीपक आहूजा, विजय कुमार बंसल, सुशील खुराना, महेंद्र सिंह, रोहताश भट्ट, राजीव बंसल, पवन भारद्वाज, भूषण लाल, तरुण धमीजा, रमाकांत, धर्मपाल सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
