कुरुक्षेत्र, 27 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेरणा समिति हरियाणा द्वारा सोमवार को पौधारोपण अभियान चलाने के साथ 316वीं साइकिल यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से शहरवासियों को अधिक से अधिक साइकिल उपयोग करने, पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। समिति के संस्थापक एवं प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में डॉ. सत्यनारायण शर्मा, सुभाष भारद्वाज तथा कर्मचंद ने पौधारोपण किया और साइकिल यात्रा में भाग लिया। यात्रा पीपली से पुराने बस अड्डे होते हुए पुराने शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करना तथा छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करना प्रदूषण कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में प्रभावी कदम है। समिति के सदस्य कर्मचंद ने कहा कि पौधे लगाना उनके लिए सेवा और आनंद का विषय है तथा वे दैनिक जीवन में साइकिल का नियमित उपयोग करते हैं। डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। वहीं सुभाष भारद्वाज ने कहा कि पौधे रोपित करने से उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव होता है और प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
समिति ने बताया कि पिछले कई वर्षों से पौधारोपण, साइकिल यात्राओं और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से हजारों लोगों तक पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *