करनाल, 27 जुलाई। 77वां वन महोत्सव राज्य स्तरीय समारोह 30 जुलाई को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल यूनिवर्सिटी कुटेल में भव्य ढंग से आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। समारोह के सफल आयोजन को लेकर डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली और प्रबंधों को लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने वन महोत्सव राज्य स्तरीय समारोह के सफल आयोजन को लेकर निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियों को समय रहते पूरा करें और पौधारोपण के लिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं, महिलाओं व आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इनके लिए बस सेवा उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अलावा वन महोत्सव के दौरान अन्य विभाग के अधिकारी भी अपने-अपने विभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में पौधे लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग व बिजली विभाग को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित आवश्यक कार्य जल्द पूरे करें। इसके अलावा नगर निगम द्वारा समारोह स्थल पर साफ-सफाई तथा रास्ते में रंग-बिरंगे झंडों से साज-सज्जा करवाएं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि मंच व सभास्थल की साज-सज्जा भव्य ढंग से करवाई जाए तथा कार्यक्रम स्थल पर होर्डिंग व बैनर लगाए जाएं।
बैठक में जिला वन अधिकारी नवल किशोर ने बताया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 77वां वन महोत्सव राज्य स्तरीय समारोह मनाने के लिए इस बार करनाल जिला को चुना गया है। यह राज्य स्तरीय समारोह 30 जुलाई को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मेडिकल यूनिवर्सिटी कुटेल में मनाया जाएगा। विभाग द्वारा इस समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। अन्य विभाग के अधिकारी भी सहयोग दें। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा इस महोत्सव में करीब 20 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला में वन मंडल करनाल के अंतर्गत चार वन रेंज हैं। ये वन रेंज करनाल, असंध, इंद्री तथा ऑक्सीवन हैं। इन चारों वन रेंजों में स्थापित 11 नर्सरियों में लगभग 8.50 लाख छोटे पौधे 2.5 लाख बड़े पौधे तैयार किए गए हैं। इनमें से लगभग 250000 पौधे स्कूलों, संस्थाओं, पंचायतों एवं आम जनता में निशुल्क वितरित किए जाने हैं।
बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, जीएम रोडवेज कुलदीप, डीडीपीओ कंचनलता, नगर निगम के सहायक आयुक्त अशोक कुमार, शिक्षा विभाग से जिला परियोजना संयोजक धर्मपाल, सीडीपीओ संतोष कुमारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
