कुरुक्षेत्र। प्रसिद्ध दुखभंजन मंदिर में सोमवार को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। शिव भक्तों ने विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए हवन में पूर्णाहुति दी तथा भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का रुद्राक्ष माला एवं पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया और भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
मंदिर के पुजारी सुशील कुमार शास्त्री ने कहा कि सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन भगवान शिव की श्रद्धापूर्वक आराधना करने और शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
इस अवसर पर मंदिर के मैनेजर एच.के. पाल, ज्ञान चंद पराशर, कुलवंत सिंह भट्टी, दर्शन पाहवा, सुभाष सैनी, ओमप्रकाश, राजकुमार शर्मा, हर्षित मिगलानी, राजपाल कोहली, डॉ. सत्य नारायण शर्मा, श्याम बारना, दर्शन पुरी, मनोहर लाल खुंगर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
