कुरुक्षेत्र, 25 जुलाई। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) द्वारा चलाए जा रहे “ओपीएस संकल्प-2026” अभियान के अंतर्गत आज जिला प्रधान डॉ. तरसेम कौशिक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्माइलाबाद, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्माइलाबाद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुराला तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानेसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्राध्यापकों एवं शिक्षक साथियों से संवाद कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया तथा सभी से ओपीएस बहाली का संकल्प लेने और हस्ताक्षर अभियान में भाग लेने का आह्वान किया।

डॉ. तरसेम कौशिक ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना (NPS) बाजार आधारित होने के कारण कर्मचारियों के भविष्य को अनिश्चित बनाती है, जबकि पुरानी पेंशन योजना सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक एवं सुनिश्चित आय की गारंटी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों कर्मचारी लंबे समय से ओपीएस बहाली की मांग कर रहे हैं और सरकार को उनकी इस न्यायोचित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने बताया कि “ओपीएस संकल्प-2026” अभियान के तहत जिले के प्रत्येक विद्यालय में शिक्षकों से संपर्क कर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। यह अभियान केवल हस्ताक्षर एकत्र करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुरानी पेंशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कर्मचारियों की एकजुट आवाज़ को सरकार तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम भी है।

इस अवसर पर हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन कुरुक्षेत्र के चेयरमैन सतबीर कौशिक, ब्लॉक प्रधान संदीप तंवर, जिला वित्त सचिव अलीशेर, जिला वरिष्ठ उपप्रधान राजेंद्र भटला, राज्य सचिव परमजीत कौर, अनिल कुमार शर्मा, उप महासचिव संदीप फोगाट, सुमन गौतम, डॉ. बलवान, बलवान,  बलविंदर सिंह, सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक एवं शिक्षक साथी उपस्थित रहे। सभी ने पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में अपना संकल्प दोहराया तथा अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक शिक्षकों को इस जनजागरण अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
हसला जिला प्रधान डॉ. तरसेम कौशिक ने कहा कि संगठन का यह अभियान तब तक निरंतर जारी रहेगा, जब तक प्रदेश के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल नहीं हो जाती। उन्होंने सभी कर्मचारी संगठनों से एकजुट होकर ओपीएस की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *