कुरुक्षेत्र, 24 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में हिंदी विभाग द्वारा साहित्यिक एवं अकादमिक गतिविधियों की श्रृंखला में 27 जुलाई 2026 को हिंदी लघुकथा संचयन पुस्तक पर पुस्तक चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10.00 बजे हिंदी विभाग के गणपति चंद्र गुप्त हॉल में आयोजित होगा। यह आयोजन विभाग की साहित्यिक गतिविधियों को नई दिशा देने और विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों में लघुकथा साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध साहित्यकार एवं पुस्तक के लेखक/संपादक अशोक भाटिया मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वे पुस्तक के सृजन, संपादन प्रक्रिया तथा समकालीन हिंदी लघुकथा की प्रवृत्तियों पर अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं साहित्य प्रेमियों के साथ संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) महासिंह पूनिया करेंगे। उन्होंने बताया कि हिंदी विभाग निरंतर साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं शोधपरक गतिविधियों का आयोजन कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन, आलोचनात्मक चिंतन तथा साहित्य के प्रति गहरी समझ विकसित हो सके। विभाग का उद्देश्य हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
हिंदी विभाग ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अध्यापकों एवं साहित्य प्रेमियों से इस पुस्तक चर्चा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
