कुरुक्षेत्र 24 जुलाई उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के हर ब्लॉक में एक-एक गांव को स्वच्छता के लिए आदर्श गांव के रूप में तैयार किया जाए। इसके लिए गांव में वार्ड कमेटी को एक्टिव मोड में रहकर कार्य करना होगा। इसके लिए सरपंच, ग्राम पंचायत और आमजन के साथ मिलकर गांवों को स्वच्छ बनाने का प्रयास करें। इतना ही नहीं लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरुकता भी लाई जाए और ठोस कचरे से होने वाले प्रदूषण और अन्य विषयों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर एक विशेष कमेटी के सदस्यों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उपायुक्त ने स्वच्छता को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की सभी अधिकारियों को विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में महीने में कम से कम एक बार स्वच्छता को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों को लेकर बनाई गई कमेटी के सदस्यों के साथ गांव और शहर में स्वच्छता को लेकर समीक्षा की जाएगी और हर माह मुख्य सचिव को रिपोर्ट भी भेजी जाएगी। इस स्वच्छता अभियान पर स्वयं उपायुक्त निगरानी रखेंगे ताकि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना की जा सके। इस विषय को लेकर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर काम करेगा। अगर किसी स्तर पर भी लापरवाही की गई तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के प्रति कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि गांवों और शहर में पहले से बनाई गई वार्ड कमेटियों को एक्टिव किया जाए। अगर किसी गांव और शहर के वार्ड में कमेटी नहीं है, तो वहां पर तुरंत प्रभाव से वार्ड कमेटी का गठन किया जाए। इन कमेटियों के माध्यम से हर गांव और शहर में स्वच्छता से संबंधित फीडबैक ली जाए, जहां-जहां गंदगी के ढेर नजर आते है, वहां पर सफाई करवाने के साथ-साथ गंदगी डालने वालों पर निगरानी रखी जाए ताकि गांव और शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ठोस कचरे को लेकर जिला में कहीं भी अवैध रूप से डंपिंग स्थल नहीं होने चाहिए। इस विषय को अधिकारी गंभीरता से लें और उन जगहों को भी चिन्हित करें, जहां डंपिंग स्थल बनाए गए है। इन स्थानों को चिन्हित करने के उपरांत डंपिंग स्थलों को स्वच्छ बनाने का काम करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में रहने वाले अधिकारी सडक़ों के किनारे गंदगी को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारी को सूचित करेंगे ताकि उस स्थल को स्वच्छ बनाया जा सके। इसके साथ ही सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ शहर और गांवों को स्वच्छ बनाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र जिला के हर गांव और शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एक मिशन मोड में काम करने की जरुरत है। हर वार्ड कमेटी गांव और शहर के वार्ड को स्वच्छ बनाने के लिए योजना तैयार करे। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए आमजन का सहयोग ले। इस मौके पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र चौधरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
