जेल फीलिंग स्टेशन पर लोगों को जल्द मिलेंगी सीएनजी गैस, सरकारी विभागों व निजी संस्थानों पर डीजल सप्लाई करने के लिए शुरू होगी मोबाईल डीजल सप्लाई सेवा, कुरुक्षेत्र का जेल फिलिंग स्टेशन बना हरियाणा का सर्वश्रेष्ठ फिलिंग स्टेशन, रोजाना हो रही है 15 लाख से ज्यादा की सेल, जेल फीलिंग स्टेशन पर जल्द खुलेगा आउटलेट
कुरुक्षेत्र 15 जून जेल अधीक्षक कुरुक्षेत्र सोमनाथ जगत ने कहा कि जेल फीलिंग स्टेशन कुरुक्षेत्र पर देश की पहली सेल्फ सर्विस मशीन लगेंगी। इस मशीन के जरिए उपभोक्ता स्वयं पेट्रोल पंप पर जाकर अपने डिजिटल कार्ड के माध्यम से अपने वाहन में तेल डाल सकेंगे। इस सेवा के शुरु होने से जेल फिलिंग स्टेशन हाइटेक फीलिंग स्टेशन की श्रेणी में शुमार हो जाएगा। इस जेल फीलिंग स्टेशन पर आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को सीएनजी गैस भी उपलब्ध करवा दी जाएगी। इस सीएनजी गैस के पंप को शुरू करने की तमाम औपचारिकताएं पूरी हो चुकी है।
जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत वीरवार को देर सायं सेक्टर 13 में समाज सेवी पंकज अरोड़ा के प्रतिष्ठान पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। यहां पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेल अधीक्षक ने कहा कि जेल फीलिंग स्टेशन कुरुक्षेत्र 31 मई 2022 को शुरू किया गया था। इस पंप के 1 वर्ष पूरे होने पर 31 मई 2023 को जेल महानिदेशक ने बकायदा पंप का अवलोकन किया और तमाम व्यवस्थाओं और सुविधाओं का आंकलन भी किया। इस दौरान इंडियन ऑयल कंपनी के आलाधिकारी भी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने केक काटकर जेल फीलिंग स्टेशन के 1 वर्ष पूरा होने की खुशियों को एक-दूसरे के साथ बांटा। इस कार्यक्रम के दौरान इंडियल ऑयल कंपनी के अधिकारियों ने जेल महानिदेशक के समक्ष तथ्य रखे की जेल फिलिंग स्टेशन हरियाणा का सबसे अच्छा पेट्रोल पंप है।
जेल अधीक्षक ने कहा कि जेल फीलिंग स्टेशन की सेल 15 लाख रुपए प्रतिदिन से ज्यादा है। इस पंप पर अच्छी गुणवत्ता का तेल उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस पंप पर उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करने की भी प्रशंसा कंपनी के अधिकारियों द्वारा की गई। इसके अलावा पंप को साफ-सफाई और साज सज्जा के लिए खूब सराहा गया है। इन तमाम उपलब्धियों को जहन में रखते हुए जेल फीलिंग स्टेशन कुरुक्षेत्र पर सीएनजी गैस की सुविधा भी उपभोक्ताओं को मिल जाएगी। इस सेवा के शुरु होने के बाद उपभोक्ताओं को सीएनजी गैस लेने के शहर से कई किलोमीटर दूर जाने की जरुरत नहीं होगी। इस जेल फीलिंग स्टेशन पर पहले से ही लोगों की सुविधा के लिए 24 घंटे पंक्चर लगाने और हवा रिफिल करने की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला कारागार के कारखाने में पंप का संचालन करने से संबंधित प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है। यहां पर आसपास की जेलों के बंदियों को पंप संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जल्द शुरू होगी मोबाईल डीजल पंपिंग सुविधा
जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत ने कहा कि जेल फीलिंग स्टेशन पर जेल महानिदेशक के आदेशानुसार आने वाले दिनों में मोबाइल डीजल पंपिंग वाहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इस सेवा के जरिए सरकारी विभागों के जनरेटर, वाहनों तथा निजी संस्थानों में भी उनके द्वार पर जाकर डीजल उपलब्ध करवाने का काम किया जाएगा। इस वाहन की कैपेसिटी 3 हजार लीटर की होगी। यह सेवा देने वाला भी पहला पेट्रोल पंप होगा।

जेल फीलिंग स्टेशन पर जल्द मिलेगी 24 घंटे खाने-पीने की वस्तुएं
जेल अधीक्षक ने कहा कि जेल फीलिंग स्टेशन कुरुक्षेत्र पर जल्द ही एक आउटलेट खोला जाएगा। इस सेवा को शुरू करने के लिए जेल महानिदेशक ने हरी झंडी दे दी है। इस जेल पंप पर 24 घंटे 7 दिन आउटलेट से खाने-पीने की वस्तुएं उपभोक्ताओं को मिल पाएंगी। इस सेवा के शुरु होने से जेल फिलिंग स्टेशन की भव्यता में चार चांद लगेंगे तथा उपभोक्ताओं की संख्या में भी इजाफा होगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *