कुरुक्षेत्र, 21 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नई एसएमएस सूचना सुविधा का शुभारंभ किया है। इस सुविधा का शुभारंभ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने किया।
इस नई व्यवस्था के तहत विश्वविद्यालय से विद्यार्थियों की डीएमसी, डिग्री तथा अन्य प्रमाण-पत्रों के डिस्पैच होते ही संबंधित विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजा जाएगा। एसएमएस में स्पीड पोस्ट का ट्रैकिंग नंबर तथा डिस्पैच की तिथि उपलब्ध होगी, जिससे विद्यार्थी घर बैठे अपने दस्तावेजों की स्थिति को आसानी से ट्रैक कर सकेंगे।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह सुविधा विद्यार्थियों के समय और संसाधनों की बचत करेगी तथा दस्तावेजों की डिलीवरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाएगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश, डॉ. जीत सिंह शेर, तकनीकी सहायक राजेश कुमार मौजूद रहे।
