करनाल, 21 जुलाई। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने स्वास्थ्य, विकास एवं पंचायत विभाग, तहसीलदारों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिला में आयुष्मान कार्ड बनाने के लंबित कार्य को हर हाल में 15 अगस्त तक पूरा किया जाए। इसके लिए चाहे गांवों में शिविर आयोजित करें अथवा घर-घर जाकर औपचारिकताएं पूरी करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त गत दिवस जिला सचिवालय सभागार में आयुष्मान कार्ड व आभा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, तहसीलदार व नायब तहसीलदार, महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि जिला में करीब 2 लाख 78 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य लंबित हैं। इनमें से करीब एक लाख 80 हजार कार्ड ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित नागरिकों के हैं और बाकी शहरी क्षेत्रों के।
डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रहे हैं। संबंधित अधिकारी व कर्मचारी इस कार्य को हल्के में न लें और 15 अगस्त तक पूरा करें। इसके लिए चाहे गांवों में विशेष कैंप लगाएं या फिर घर-घर जाकर संबंधित लोगों से मिलें। यह कार्य पूरा करने के लिए पटवारी, ग्राम सचिव, कानूनगो, आंगनवाड़ी वर्कर्स  का सहयोग लें। सभी एसएमओ इस संदर्भ में बीडीपीओ और तहसीलदारों के साथ बैठक कर समय पर कार्य पूरा करने की योजना बनाकर उस पर अमल करें। उन्होंने कहा कि वे हर सप्ताह इस मामले में प्रगति की समीक्षा करेंगे।
उपायुक्त ने आयुष्मान कार्ड के साथ-साथ आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट ) का कार्य भी पूरा करने के निर्देश दिए। आभा भारत सरकार द्वारा जारी किया जाने वाला 14 अंकों का एक विशिष्ट डिजिटल हेल्थ आइडेंटिफिकेशन नंबर है। यह कार्य व्यक्ति का मेडिकल रिकॉर्ड जैसे-डॉक्टर के पर्चे, मेडिकल रिपोर्ट, दवाइयों के इतिहास को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने और देश भर के अस्पतालों में एक्सेस करने में मदद करता है। दूसरी ओर आयुष्मान कार्ड से पात्र परिवारों को देश के सूचीबद्ध सरकारी व निजी अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्राप्त होती है।
बैठक में सीएमओ डा. पूनम चौधरी, उप सिविल सर्जन डॉ. नरेश करड़वाल, डॉ. आर संधू, डा. नीरू, डीडीपीओ कंचनलता, बीडीपीओ मोनिका, उमेदा सिंह, गुरमालक, शिखा, मोनिका, तहसीलदार कृष्ण, विनोद, नायब तहसीलदार गौरव, साहिल आदि ने भाग लिया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *