करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सेक्टर-13 में आयोजित धार्मिक समारोह में सहभागिता करते हुए प्रभु श्री जगन्नाथ जी के पावन दर्शन किए। साथ ही पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने समस्त देश-प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की मंगलकामना करते हुए प्रभु श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समाजसेवी देशराज बंसल एवं निर्मल बंसल के आवासीय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन केवल आस्था के पर्व नहीं होते, बल्कि समाज में सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कारों को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनी रहनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी समृद्ध सनातन परंपराओं, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़ी रहे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगल कामना करते हुए कहा कि प्रभु श्री जगन्नाथ की असीम कृपा सभी पर सदैव बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में प्रेम, सद्भाव, धर्म, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का प्रकाश निरंतर बना रहे। उन्होंने कहा कि समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार ही राष्ट्र और समाज को मजबूत बनाने का आधार है।
सुदृढ़ होती है आस्था
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी राकेश बंसल, गीता बंसल सहित बंसल परिवार के अन्य सदस्यों ने महापौर का आत्मीय स्वागत किया। महापौर ने कहा कि ऐसे पावन अवसर आस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति तथा पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं।
