कुरुक्षेत्र, 11 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला के प्रत्येक स्कूल में दिव्यांगजनों के लिए व्हील चेयर उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि स्कूल में आने वाले किसी भी दिव्यांग को परेशानी का सामना ना करना पड़े। इसके साथ ही सभी विभागों, कार्यालयों में दिव्यांग अधिकारियों, कर्मचारियों की पदोन्नति में आरक्षण के लिए रोस्टर रजिस्टर को अपडेट करवाकर रखना सुनिश्चित किया जाए। कार्यालय में दिव्यांग लाभपात्रों की पेंशन स्वीकृत करने तथा उनकी शिकायतों का निपटान करवाने में भी तत्परता की जाए। प्रत्येक कार्यालय के अधिकारी दिव्यांग पात्रों से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सोमवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जिला में विशिष्ट दिव्यांग प्रमाण पत्र यूडीआईडी कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। यह प्रक्रिया ऑनलाइन है। इस कार्यालय द्वारा लंबित आवेदनों के निपटान के लिए सप्ताह में दो दिन जिला स्तर पर बुधवार व वीरवार को दिव्यांगता शिविर का आयोजन किया जा रहा है और माह के दूसरे सप्ताह के शुक्रवार को सीएससी लाडवा में दिव्यांगता के विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिस दिव्यांग के पास यूडीआईडी कार्ड है परिवहन विभाग उसकी बस यात्रा को फ्री में करवाएं। उन्होंने कहा कि स्कूल हेल्थ प्रोग्राम के तहत वर्ष में एक बार विशेष शिविर का आयोजन राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुरुक्षेत्र में किया जाता है और आशा वर्करों के माध्यम से गांव-2 में जाकर भी ऑनलाइन दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दिव्यागजनों को जागरूक किया जा रहा है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी सरकारी भवन दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाए जाए। दिव्यांगों के आने जाने के लिए रैम्प आदि की व्यवस्था मुहैया करवाई जाए। स्कूलों में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए शौचालय आदि भी दिव्यांगजन के अनुकूल बनाए जाएं, ताकि उनको किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पढ़े। उन्होंने कहा कि ऐसे दो बैंकों व एक मॉल के चिन्हित भवनों के रैंप दिव्यांगों के अनुकूल नहीं है, उन्हें दिव्यांगों के अनुकूल बनाने के लिए कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला में कार्यरत गैर सरकारी भवन जैसे कि होटल, बैकेट हाल, सामुदायिक भवन आदि नगरपालिकाओं के अधीन कार्य करते हैं। इन भवनों को भी दिव्यांगजन के अनुकूल बनाया जाए। इस बिन्दु पर अध्यक्ष महोदय द्वारा नगरपरिषद् थानेसर व अन्य नगरपालिकाओं से जानकारी लेने बारे निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बैंकों को भी दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने के लिए कार्यवाही की जाए। बैंकों को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने के लिए कार्यवाही करने बारे जिला अग्रणी बैंक कुरुक्षेत्र प्रबंधक से पत्राचार किया जाए। इसके साथ ही जिला कुरुक्षेत्र में धार्मिक स्थलों, मंदिरों को भी दिव्यांगों के अनुकूल बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड से भी पत्राचार किया जाए।
इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरजीत कौर, जीएम रोडवेज समिंद्र सिंह, टिंकू शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
