करनाल। कर्ण नगरी में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के अद्भुत संगम के रूप में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने श्रद्धापूर्वक रथयात्रा में सहभागिता करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य रथ के दर्शन किए। साथ ही विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा मंगलमय जीवन की कामना की। उनके साथ भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता भी उपस्थित रहे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का विराट उत्सव है। ऐसे पावन आयोजन समाज को संस्कार, सेवा और समरसता का संदेश देते हैं तथा सभी को धर्म एवं मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री जगन्नाथ की कृपा से समाज में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण निरंतर बना रहे, यही उनकी प्रार्थना है।
रथयात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं के उत्साहपूर्ण जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महापौर ने श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में सहभागिता करते हुए इस दिव्य आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक आनंद का अनुपम अनुभव बताया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति और आस्था की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, सेवा और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी सतीश डूडेजा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री जगन्नाथ से प्रदेश एवं देश की निरंतर उन्नति, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।
