करनाल 20 जुलाई, नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत सोमवार को विधायक जगमोहन आनंद व महापौर रेणु बाला गुप्ता ने संयुक्त रूप से शहर के वार्ड नम्बर 7, 5 व 8 में सम्बंधित पार्षदों की मौजूदगी में करीब 2 करोड़ 76 लाख रुपये से करवाए जाने वाले 4 विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इनमें तीन विकास कार्य नगर निगम द्वारा तथा एक कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा करवाया जाएगा।
इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हमारा प्रयास है कि जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ जनहित को सर्वोपरि रखते हुए मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ता के साथ निरंतर विकास कार्य करते रहें। इसी को लेकर नागरिकों की हर मांग व समस्या को प्राथमिकता में लेकर एक सामान विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं में विस्तार, आमजन की जीवनशैली को आसान बनाने में सहायक होता है। करोड़ों रुपये के इन कार्यों से नागरिकों को बेहतर यातायात व्यवस्था, सौंदर्यकरण तथा सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में जहां-जहां बड़े बजट के विकास कार्य प्रगति पर हैं, उनके पूर्ण होने तक नागरिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
उन्होंने अभियंताओं तथा निर्माण एजेंसी के ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्य समयबद्घ तरीके से पूरे होने चाहिए। किसी भी कार्य में लेट-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य गुणवत्ता पूर्ण होने चाहिएं तथा समय-समय पर सैम्पल लेकर उनकी जांच भी करवाई जाए।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने इस अवसर पर बताया कि विभिन्न वार्डो में करीब 2 करोड़ 76 लाख रुपये के 4 विकास कार्यो का शुभारम्भ किया गया है। उनका कहना था कि शहर में विकास का पहिया निंरतर आगे बढ़ता रहेगा। सभी विकास कार्य शहरवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर ही करवाए जा रहे हैं, जिनसे प्रत्येक नागरिक लाभांवित हो रहा है। उन्होंने कहा कि करनाल का विकास नई ऊंचाईयों तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है। शहर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जा रही।
उन्होंने कहा कि करनाल को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है, ताकि प्रत्येक नागरिक को सुविधाजनक व सुरक्षित वातावरण मुहैया हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में तथा विधायक जगमोहन आनंद के मार्गदर्शन में विकास कार्य निरंतरता से आगे बढ़ रहे हैं, जिनका शहरवासियों का लाभ पहुंच रहा है।
यह होंगे कार्य- वार्ड संख्या 7 में पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में सीमेंट कंक्रीट की सडक़ों का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब 32 लाख 71 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वार्ड 5 में मेरठ रोड से गांव कटाबाग तक 80 एम.एम. मोटाई की इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक से सडक़ का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 19 लाख 85 हजार रुपये की लागत आएगी। इसी प्रकार वार्ड 8 में जगद्गुरू स्वामी ब्रह्मïानंद चौक से सांई बाबा मंदिर चौक तक सेन्ट्रल वर्ज का सौंदर्यकरण किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 13 लाख 26 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। यह तीनो कार्य नगर निगम करनाल द्वारा करवाए जाएंगे। इसी प्रकार रांवर रोड नजदीक अनमोल गार्डन से सेक्टर-4 के पीछे से होते हुए नेशनल हाईवे-44 तक सडक़ की विशेष मरम्मत कर सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत आएगी। यह कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा करवाया जाएगा।
इस मौके पर हरियाणा श्रवण एवं वाणी विभाग की चेयरपर्सन मेघा भंडारी, वार्ड 7 के पार्षद जोगिन्द्र शर्मा, वार्ड 5 के पार्षद सुभाष कम्बोज, वार्ड 8 के पार्षद संकल्प भंडारी, वार्ड 11 के पार्षद मोनिक गर्ग, नगर निगम की कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी व प्रदीप कल्याण, सहायक व कनिष्ठï अभियंता के अतिरिक्त भाजपा कार्यकर्ता सहित अनेक गणमान्य पुरूष एवं महिलाएं मौजूद रही।
