करनाल, 19 जुलाई। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिलावासियों से मानसून के दौरान वर्षा जल का अधिकतम संचयन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के कैच द रेन अभियान का उद्देश्य बारिश की प्रत्येक बूंद को सहेजकर जल संकट का स्थायी समाधान तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि आज हम पानी बचाएंगे तो आने वाली पीढिय़ों का भविष्य सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए वर्षा जल संचयन को जन-आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। मानसून का सीजन शुरू हो चुका है। इसलिए सभी सरकारी विभाग, शैक्षणिक संस्थान, औद्योगिक इकाइयां, सामाजिक संगठन और आम नागरिक इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली को अपनाया जाए
उपायुक्त ने कहा कि जिला के प्रत्येक घर, कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, उद्योग व अन्य संस्थानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली को अपनाया जाए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम उपयोग किया जा सके। इसके साथ ही भूजल स्तर बढ़ाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर रिचार्ज पिट व रिचार्ज शाफ्ट का निर्माण कराया जाए और अनुपयोगी बोरवेलों का उपयोग भूजल रिचार्ज के लिए किया जाए। पारंपरिक जल स्रोतों को संवारें और इन्हें इस्तेमाल लायक बनाएं।
