कुरुक्षेत्र, 16 जुलाई। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य  संजीव घारू ने आज नगर परिषद थानेसर में सफाई कर्मचारियों, सफाई दरोगाओं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा वैधानिक दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी अथवा प्रिंसिपल एम्प्लायर की लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध प्रचलित कानूनों के अनुसार एफआईआर दर्ज कराने सहित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व एवं सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के मार्गदर्शन में हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, उनके कल्याण तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
संजीव घारू ने प्रत्येक सफाई दरोगा एवं कर्मचारी से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। कर्मचारियों ने ईएसआई कार्ड जारी न होने, लंबित एरियर के भुगतान, वर्षा ऋतु के अनुरूप सुरक्षा उपकरणों की कमी, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव तथा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर आर्थिक सहायता समय पर उपलब्ध न होने जैसी महत्वपूर्ण समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। कर्मचारियों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित एक विस्तृत मांग-पत्र भी आयोग के सदस्य को सौंपा।
संजीव घारू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन कर्मचारियों के मामलों की समीक्षा की जो ड्यूटी के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए, लेकिन अभी तक उन्हें नियमानुसार आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र कर्मचारियों को सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस बैठक में उपस्थित श्रम विभाग के अधिकारी ने बताया कि यदि किसी अधिकारी अथवा प्रिंसिपल एम्प्लायर द्वारा श्रम कानूनों एवं वैधानिक दायित्वों की अवहेलना की जाती है तो संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पडऩे पर शिकायत के आधार पर आपराधिक मामला भी दर्ज कराया जा सकता है।
जिला नगर आयुक्त अमन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा मुख्यालय स्तर से संबंधित मामलों को बिना विलंब उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजा जाए।
इस बैठक में जिला नगर आयुक्त अमन कुमार, नगर परिषद चेयरपर्सन माफी ढांडा, कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार, सचिव अरविंद कुमार, हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य रेखा रानी, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, सफाई निरीक्षक  प्रदीप कुमार सहित नगर परिषद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *