पिहोवा 15 जुलाई – उपमंडल अधिकारी नागरिक गुरविंद्र सिंह ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग की तरफ से एन्यूमरेशन फार्म जमा करवाने की तारीख को 24 जुलाई तक बढ़ा दिया है। अब सभी नागरिक 24 जुलाई तक एन्यूमरेशन फार्म भरकर बीएलओ के पास जमा करवा सकते हैं। इसके साथ ही 31 जुलाई को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की जाएगी। इस सूची में जो भी कमियां, खामियां होगी, उनको दुरुस्त करवाने के लिए 31 जुलाई से 30 अगस्त तक एआरओ को जमा करवा सकते हैं। सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के बाद 3 अक्टूबर को फाइनल सूची प्रकाशित की जाएगी।
एसडीएम गुरविंद्र सिंह ने बताया कि पिहोवा विधानसभा में एन्यूमरेशन फार्म बांटने का कार्य 99.98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके अतिरिक्त पिहोवा विधानसभा में 163899 यानी 86.68 प्रतिशत डाटा डिजिटाइज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने बूथों पर और डोर टू डोर कार्य को 24 जुलाई तक निरंतर जारी रखेंगे। इस कार्य को पूरा करवाने में राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधि और बीएलए मदद करें। इसके साथ ही नागरिकों से भी अपील है कि वो अपने-अपने एन्यूमरेशन फार्म को भरकर अपने बीएलओ के पास जमा करवाएं।
