कुरुक्षेत्र, 15 जुलाई 2026 – गुरुकुल कुरुक्षेत्र में विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन तथा आपातकालीन सहायता व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जागरूकता सत्र का संचालन हरियाणा पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्य श्री सूबे प्रताप ने अतिथि पुलिस अधिकारियों डीएसपी सुरेश कुमार, सड़क सुरक्षा प्रभारी एसआई शेर सिंह तथा हाईवे सेफ्टी प्रभारी सुखदेव सिंह का विद्यार्थियों से परिचय करवाकर किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीएसपी सुरेश कुमार ने सड़क सुरक्षा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला और सभी विद्यार्थियों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन न केवल स्वयं के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि दूसरों के जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं है तथा वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य है।
सड़क सुरक्षा प्रभारी एसआई शेर सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात के आवश्यक नियमों की जानकारी दी तथा उन्हें सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने भारत सरकार की गुड समैरिटन (ळववक ैंउंतपजंद) योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी, जिसके अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिकों को कानूनी संरक्षण तथा आर्थिक प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है।
हाईवे सेफ्टी प्रभारी सुखदेव सिंह ने अपने संबोधन में डायल 112 के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें, ताकि पुलिस एवं आपातकालीन सेवाएँ शीघ्र घटनास्थल पर पहुँचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि डायल 112 जनसुरक्षा के लिए है, मनोरंजन या शरारत के लिए नहीं। झूठी अथवा फर्जी शिकायत दर्ज कराना दण्डनीय अपराध है और ऐसा करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से डायल 112 का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा इसके सही उपयोग के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डाॅ. प्रवीण कुमार एवं प्राचार्य सूबे प्रताप ने सभी पुलिस अधिकारियों का बहुमूल्य समय निकालकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा दी गई व्यावहारिक एवं जीवनोपयोगी जानकारी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं लाभकारी सिद्ध होगी तथा उन्हें एक जागरूक, जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगी।
